डोल मेला घूमने गए लोगों पर काल बनकर आई कार, दो की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र में हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम

Spread the love
कार जिसने लोगों को धक्का मारा

नामकुम (रांची), झारखंड : रांची जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित टाटीसिलवे में आयोजित ऐतिहासिक डोल मेला में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेला घूमने आए ग्रामीणों पर तेज रफ्तार कार काल बनकर टूट पड़ी और एक दर्जन से अधिक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय भोला शर्मा (मासू, अनगड़ा) तथा रीमा कुमारी (22 वर्ष), पिता प्रमोद वर्मा, मिलन चौक अनगड़ा के रूप में हुई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है।

भीड़ में घुसी तेज रफ्तार कार

मिली जानकारी के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी टाटीसिलवे के मानकी ढीपा में ऐतिहासिक डोल मेला का आयोजन किया गया था। शनिवार को मेले का तीसरा दिन था और आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों लोग मेले में शामिल होने पहुंचे थे। सड़क के दोनों ओर बाजार लगने के कारण वहां काफी भीड़ थी और लोग सड़क पर भी आ-जा रहे थे।

इसी दौरान शाम करीब 5 बजे अनगड़ा की ओर से आ रही कार (जेएच 05सीपी 4627) अचानक अनियंत्रित हो गई और भीड़ में घुस गई। कार की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मेले में अफरातफरी मच गई।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

मेला ड्यूटी में तैनात एएसआई रवि कुमार ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने भोला शर्मा और रीमा कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घायलों में पप्पू साव (32), सुलोचना देवी (55), रश्मि कुमारी (19), पुनम कुमारी (22), अरुणा एक्का (18), तारा देवी (38), रौशनी कुमारी (22), मोनिका देवी (38), आयुष (5), अंशिका (7), लोखन मंडल और निशु लकड़ा शामिल हैं।

शव रखकर किया सड़क जाम

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले मानकीढीपा मेला परिसर के सामने सड़क जाम कर दिया। इसके बाद दोनों शवों को टाटीसिलवे के बैंक मोड़ चौक में रखकर रांची–खेलगांव रोड को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हंसे उरांव ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मृतकों के परिजनों को मुआवजा और कार चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।