धनबाद में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश घायल

Spread the love

धनबाद (झारखंड) : झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस और कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के बदमाशों के बीच सोमवार को मुठभेड़ हो गई। बोर्रागढ़-झरिया क्षेत्र के भागाबांध ओपी इलाके में हुई इस मुठभेड़ में गिरोह के तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घायल अपराधियों की पहचान अमन सिंह उर्फ कुबेर (निवासी पलामू), विक्की डोम (निवासी धनबाद) और अफजल उर्फ अमन (निवासी वासेपुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों धनबाद के वासेपुर से जुड़े कुख्यात फरार अपराधी प्रिंस खान के करीबी गुर्गे हैं।

जानकारी के मुताबिक धनबाद पुलिस को इन अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें तीनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सभी घायलों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।