रामगढ़ (झारखंड) : रमजान पर्व-2026 के अवसर पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ श्री अनुराग कुमार तिवारी के निर्देश पर 17 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक (प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक) शहर में मालवाहक गाड़ियों, ट्रकों और भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, निम्नलिखित मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा:
शनिचरा हाट, बाजार टांड़ से थाना चौक तक एवं थाना चौक से शनिचरा हाट तक।
पटेल चौक से नईसराय तक एवं नईसराय से पटेल चौक तक।
बनजारी से सुभाष चौक तक एवं सुभाष चौक से बनजारी तक।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था आम नागरिकों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।