रामगढ़ कैंट के टेम्पल ऑफ वॉरियर्स में सेंसे भरत भूषण का भव्य स्वागत, भारतीय सेना में कोच बनने पर सम्मान

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ कैंट स्थित टेम्पल ऑफ वॉरियर्स में उस समय खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब संस्थान के पूर्व प्रशिक्षु और कराटे खिलाड़ी सेंसे भरत भूषण प्रशिक्षण के लिए यहां पहुंचे। हाल ही में उनका चयन भारतीय सेना की टीम में कोच के रूप में हुआ है, जिसे लेकर क्लब परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में संस्थान द्वारा एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सेंसे भरत भूषण ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण के महत्व पर जोर दिया।

संस्थान के मुख्य प्रशिक्षक सेंसे शशि पांडे ने कहा कि भरत भूषण की सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि कड़ी मेहनत और लगन से हासिल की गई यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य खिलाड़ियों को केवल खेल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

इस मौके पर सेंसे कमल नायक, बिनय रंजन, चंदन सानी, संजय सोनकर, सुमित कुमार, पुष्पा पांडे सहित बड़ी संख्या में सीनियर और जूनियर खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और भरत भूषण को शुभकामनाएं दीं।