रामगढ़, झारखंड : आस्था और लोक परंपरा के महापर्व चैती छठ की शुरुआत रविवार को नहाय-खाय रस्म के साथ हो गई। इस अवसर पर छठव्रतियों ने पवित्र स्नान कर विधि-विधान से भोजन ग्रहण किया।
नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद के रूप में यही पारंपरिक भोजन ग्रहण कर पर्व की शुरुआत की।
पर्व के आरंभ के साथ ही घरों और बाजारों में छठ के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया है।
सोमवार को महापर्व के दूसरे दिन खरना पूजन किया जाएगा, जिसमें व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को प्रसाद ग्रहण करेंगे।
चैती छठ को लेकर रामगढ़ (झारखंड) के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। जगह-जगह पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं, जहां फल, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी शुरू हो गई है।
चार दिवसीय इस महापर्व में श्रद्धालु सूर्य देव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।