रामगढ़, झारखंड : भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल के शीघ्र संचालन को लेकर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को चेंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए टर्मिनल को जल्द शुरू कराने की मांग की।
चेंबर द्वारा पत्रांक RCCI/25-27/58 के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि रामगढ़ बस स्टैंड परिसर में बने आधुनिक टर्मिनल में 14 दुकानें, 4 डॉरमेट्री हॉल, 2 रेस्टोरेंट और कैंटीन फिलहाल बंद पड़े हैं। इसके अलावा पेवर ब्लॉक सहित कई निर्माण कार्य भी अधूरे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस टर्मिनल से प्रतिदिन लगभग 500 बसों का आवागमन होता है, जिनसे विभिन्न राज्यों और जिलों के लिए यात्री सेवाएं संचालित होती हैं। बावजूद इसके, यात्रियों को शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चेंबर ने जोर देकर कहा कि टर्मिनल के चालू होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस आधुनिक बस टर्मिनल के संचालन का इंतजार शहरवासी और व्यापारी लंबे समय से कर रहे हैं।
वहीं, चेंबर ने पूर्व में भी पत्रांक RCCI/25-27/55 के जरिए शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसमें प्रमुख चौक-चौराहों पर खराब सोलर/मास्ट लाइट की मरम्मत, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात सुधार, बिजुलिया तालाब की सफाई और तालाब रोड की मरम्मत जैसी मांगें शामिल थीं।
छावनी परिषद के पदाधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि बिजुलिया तालाब की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है और अन्य मांगों पर भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मंजीत साहनी, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मनु, कार्यकारिणी सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, राहुल जैन पटनी एवं अभिजीत कुमार उर्फ बीजी शामिल थे।