श्री श्याम मंदिर रामगढ़ धाम में 26-27 मार्च को धूमधाम से मनेगा रामनवमी, ताशा टीम व भव्य झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : श्री श्याम मंदिर रामगढ़ धाम में रामनवमी पर्व इस वर्ष उल्लासपूर्ण और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। 26 और 27 मार्च को आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर मंदिर समिति और संयोजक दिनेश पोद्दार अपनी टीम के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

रामनवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ताशा टीम, शिव-पार्वती, विशाल हनुमान जी तथा 10 अघोरियों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही हनुमान और राम भक्त भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आएंगे।

संयोजक दिनेश पोद्दार ने बताया कि 26 मार्च (गुरुवार) की शाम 7:00 बजे श्री श्याम मंदिर प्रांगण में वीर बजरंगबली की पताका का विधिवत पूजन किया जाएगा। इसके बाद ताशा टीम के साथ राम भक्तों की शोभायात्रा श्री मारवाड़ी सतनारायण मंदिर तक जाएगी और वापस मंदिर परिसर लौटेगी।

वहीं 27 मार्च (शुक्रवार) को सुबह 11:00 बजे भक्त शिरोमणि बालाजी महाराज की विशेष पूजा होगी। इसके उपरांत सवामणि भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शाम 6:00 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें ताशा टीम, शिव-पार्वती, बड़े हनुमान जी और अघोरियों की झांकी शामिल होगी। यह शोभायात्रा नेहरू रोड, गोला रोड, चट्टी बाजार होते हुए सतनारायण मंदिर पहुंचेगी, जहां झंडा मिलान किया जाएगा।

इसके बाद शोभायात्रा झंडा चौक, थाना चौक और संकट मोचन मंदिर होते हुए पुनः श्री श्याम मंदिर परिसर लौटेगी, जहां वीर बजरंगबली का ध्वज स्थापित किया जाएगा।

संयोजक दिनेश पोद्दार ने सभी राम एवं हनुमान भक्तों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।