रामगढ़ (झारखंड) में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ महापर्व चैती छठ

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : बुधवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही आस्था का महापर्व चैती छठ श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। रामगढ़, झारखंड के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

बुधवार तड़के करीब तीन बजे से ही छठव्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों की ओर जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरे क्षेत्र में छठी मैया के सुमधुर गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

छठव्रतियों ने घाटों पर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने का इंतजार किया और जैसे ही सूर्य देव का उदय हुआ, उन्होंने विधिवत अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी छठव्रतियों के सूप में दूध अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

अर्घ्य के उपरांत छठव्रतियों ने घाट पर ही पूजा-अर्चना और हवन संपन्न किया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच भी प्रसाद वितरण किया गया।

रामगढ़ शहर समेत पूरे रामगढ़, झारखंड जिले में यह महापर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासन की व्यवस्था भी सुचारू रूप से देखने को मिली।