कमर्शियल गैस संकट पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा: रामगढ़, झारखंड चैंबर ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, त्वरित समाधान की मांग

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: जिले में व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गंभीर चिंता जताते हुए बुधवार को उपायुक्त को उप विकास आयुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की।

चैंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव, विशेषकर ईरान-इजरायल के बीच हालात के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब स्थानीय बाजार में भी साफ दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि जिले के होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान इस संकट से गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि गैस एजेंसियों द्वारा लगातार सिलेंडर की कमी की जानकारी दी जा रही है, जिससे व्यापार संचालन बाधित हो रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कई प्रतिष्ठान बंद होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक कमल अग्रवाल, संजीव चड्ढा तथा चैंबर उपाध्यक्ष अमरेश गणक ने संयुक्त रूप से कहा कि गैस की कमी के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्राहकों को सेवा देना कठिन हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

चैंबर की प्रमुख मांगें :

व्यावसायिक गैस सिलेंडर की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए

गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण प्रणाली की सख्त निगरानी हो

कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए

होटल और खाद्य सेवा क्षेत्र को आवश्यक सेवाओं में प्राथमिकता दी जाए

चैंबर ने प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि जिले में व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से जारी रह सकें। साथ ही, चैंबर ने भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में वह प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग के लिए तैयार है।

इस प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी (मानु), सहसचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, कार्यकारिणी सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, अभिजीत कुमार (बिजी), संजीव चड्ढा और कमल अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।