झारखंड के साहिबगंज और धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर प्रशासन

Spread the love
धनबाद न्यायालय

साहिबगंज/धनबाद (झारखंड) : झारखंड के साहिबगंज और धनबाद जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद दोनों जिलों में हड़कंप मच गया। धमकी भरी ईमेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

साहिबगंज में कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराकर जज, अधिवक्ता और कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पूरे न्यायालय परिसर को चारों ओर से घेरकर छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपायुक्त हेमंत सती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और सुरक्षा की कमान संभाली।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने पूरे परिसर की सघन जांच की। हर कोने को खंगाला गया और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी भी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

वहीं, धनबाद में भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धनबाद कोर्ट को  तीसरी बार  इस तरह का धमकी भरा ईमेल मिला है। एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई।

धनबाद में भी डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक वहां भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को ईमेल के स्रोत की जांच में लगा दिया है।

अधिकारियों के अनुसार दोनों जिलों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच में जुटी हुई हैं।