रामगढ़ (झारखंड)  : 518 दिव्यांग व वृद्धों को मिला सहायक उपकरण, धनेश्वर महतो ने सेवा का दिया संदेश

Spread the love
सहायक उपकरण पाये लोग अतिथियों के साथ

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ के दोहाकातु पंचायत स्थित राधा गोविंद विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार को भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सौजन्य से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य धनेश्वर महतो एवं विशिष्ट अतिथियों में कुलाधिपति बैजनाथ साह, दुलमी जिला पार्षद प्रीति दीवान, कुंदरूकला पंचायत के मुखिया किशुन राम मुंडा, दोहाकातु पंचायत की मुखिया कलावती देवी एवं बारलोंग पंचायत की मुखिया रेखा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

मौके पर मुख्य अतिथि धनेश्वर महतो ने कहा कि गरीब, दिव्यांग एवं वृद्ध लोगों की खुले दिल से सेवा करनी चाहिए, क्योंकि इन लोगों में भगवान का वास होता है। उन्होंने एलिम्को के इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने दिव्यांग एवं बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

यह शिविर भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसमें तीन पंचायतों के दिव्यांग एवं जरूरतमंद लाभुक शामिल हुए। शिविर के दौरान कुल 518 लाभुकों के बीच व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, हियरिंग मशीन, बैसाखी, कमोड, स्टिक, कमर व घुटना बेल्ट, तकिया तथा चश्मा सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

उपकरण पाकर लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में समावेशी विकास और सेवा भावना को मजबूत करते हैं और लोगों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना पांडेय एवं डॉ. अमरेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. रश्मि, डॉ. अविनाश, भजन लाल महतो, मोहरलाल महतो, बबीता कुमारी, जगदेव, मोहराय महतो, अरुण दीवान, कोलेश्वर महतो, संगीता देवी, शांति देवी, रोहित महतो, सुमित कुमार, पिंकी देवी, लक्ष्मी देवी एवं गायत्री देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।