पेटरवार (बोकारो), झारखंड : रामनवमी पर्व के दौरान पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको शिव मंदिर के समीप शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। अखाड़ा में महावीरी झंडा खड़ा करने के दौरान वह 132 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे सात लोग झुलस गए।
घायलों में खेतको निवासी सुरेंद्र सिंह (36), गुलाबचंद दास (28), मिथुन ठाकुर (30), अनिल रविदास (40), मदन कुमार नायक, शुभम रविदास (24) और रुद्र रविदास (15) शामिल हैं। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। रुद्र रविदास प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट गया, जबकि अन्य घायलों को तत्काल जारंगडीह रेलवे स्टेशन के पास स्थित जनता हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं, हालांकि उनके हाथ, पैर और कंधे सहित शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो विधायक और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।