रांची, झारखंड:भारतीय प्रबंध संस्थान रांची के दीक्षांत समारोह में संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
समारोह में सी.पी. राधाकृष्णन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसका स्वागत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम और भी प्रेरणादायी बन गया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे केवल सफल पेशेवर ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक भी बनें, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक अच्छा प्रबंधक बनने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना और भी अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रबंध संस्थान रांची देश के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में अपनी अलग पहचान बना चुका है और यह न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहा है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी विकसित कर रहा है। संस्थान में स्थापित ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेंटर फॉर पॉलिसी, लीडरशिप एंड गवर्नेंस’ और ‘सेंटर फॉर ट्राइबल अफेयर्स’ की सराहना करते हुए उन्होंने इसे समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
राज्यपाल ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के दौर में अवसरों के साथ चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में युवाओं को अपने निर्णयों में पारदर्शिता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने ज्ञान और नवाचार के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे के योगदान का भी उल्लेख करते हुए उनकी प्रशासनिक सेवाओं की सराहना की। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें उत्कृष्टता और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।