रांची–लोहरदगा–टोरी रेल सेवा फिर शुरू, तीन महीने बाद यात्रियों को बड़ी राहत

Spread the love

लोहरदगा, झारखंड : करीब तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू हो गया है। सेवा बहाल होने से दैनिक यात्रियों, छात्रों और कारोबारियों में खुशी का माहौल है और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।

भारतीय रेल के रांची मंडल की डीआरएम करूणा निधि सिंह ने लोहरदगा स्थित कोयल नदी पर बने रेलवे पुल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को पुल के एक पिलर में तकनीकी खराबी आने के कारण लोहरदगा तक ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था।

रेलवे ने मरम्मत कार्य 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन काम तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया और अब इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई है। इसके साथ ही आनंद विहार (दिल्ली) तक जाने वाली ट्रेन भी फिर से इसी मार्ग से संचालित होगी, जिससे यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

डीआरएम ने यह भी जानकारी दी कि अमृत भारत योजना के तहत लोहरदगा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन का नया स्वरूप जल्द ही यात्रियों के लिए खोला जाएगा, जिसका उद्घाटन शीघ्र तय किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब इस रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में किसी तरह की बाधा की संभावना नहीं है। सेवा बहाल होने से क्षेत्र में आवागमन फिर से सुचारू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।