रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ शहर के बाजार समिति के सामने स्थित रामप्रसाद चंद्रभान स्कूल (सरस्वती विद्या मंदिर) के नजदीक सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब शव देखा तो देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटनास्थल की स्थिति ने बढ़ाई शंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव के आसपास जमीन पर घसीटे जाने के स्पष्ट निशान दिखाई दिए। इससे यह आशंका गहराती जा रही है कि घटना कहीं और हुई होगी और शव को यहां लाकर फेंका गया है। जिस स्थान पर शव मिला, वहां किसी संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं।
लोगों में डर, अभिभावक चिंतित
स्कूल के पास इस तरह की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। खासकर बच्चों के अभिभावक काफी चिंतित नजर आए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने लगे। इलाके में लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
जांच के बाद खुलेगा राज
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और मौत के कारणों का भी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू करने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।