रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्रों और अभ्यर्थियों ने 8 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकालकर जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। छात्र नेता गौतम कुमार महतो के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में गोला, दुलमी, चितरपुर, रामगढ़, मांडू और पतरातू प्रखंड से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
सुभाष चौक से उपायुक्त कार्यालय, छत्तरमांडू तक निकाले गए इस शांतिपूर्ण मार्च के दौरान छात्रों ने “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” और “जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करो” जैसे नारे लगाए। कड़ी धूप के बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
मार्च के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में हो रही देरी से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में राजीव जायसवाल, भारती कुशवाहा, पनेश्वर महतो और युगेश चंद्र भारती सहित अन्य शामिल थे।
उपायुक्त ने छात्रों को आश्वासन दिया कि जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया की अधिसूचना 15 दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
छात्र नेता गौतम कुमार महतो ने बताया कि पहले 282 पदों पर बहाली की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है और वे मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिसूचना जारी नहीं हुई, तो छात्र उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पैदल मार्च में आनंद केटियार, पांडव महतो, संतोष चौधरी, समीर अयूबी, सनी देओल महतो, गुड्डी महतो, प्रीति कुमारी, टिंकू पटेल, वीरेंद्र कुमार, पिंटू कुमार महथा, महेश महथा, ट्विंकल करमाली, नीतीश कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।