रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार, 01 अप्रैल 2026 को जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में गोला-सिकिदरी फोरलेन पर भारी एवं ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान ट्रक, ट्रेलर और डंपर जैसे भारी मालवाहक वाहनों की विशेष जांच की गई।
जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोते पाए गए, जो न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल ₹4,18,900 का चालान किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, जिससे आम नागरिकों की जान को खतरा होता है और सड़कों एवं पुल-पुलियों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से निर्धारित मानकों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का यह अभियान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।