रामगढ़ (झारखंड) : धरने पर बैठे पूर्व विधायक से सीढ़ियों पर बैठकर उपायुक्त ने सुनी समस्याएं, कैसर हिंद जमीन व प्रदूषण पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

Spread the love

 रामगढ़  झारखंड) : कैसर हिंद जमीन, प्रदूषण और जन समस्याओं को लेकर समाहरणालय परिसर की सीढ़ियों पर जमीन में धरने पर बैठे पूर्व विधायक शंकर चौधरी से उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने मानवीय पहल करते हुए सीधे वहीं पहुंचकर मुलाकात की। उपायुक्त ने समाहरणालय की सीढ़ियों पर बैठकर ही उनकी समस्याएं सुनीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों के बीच प्रशासन की संवेदनशीलता की चर्चा होती रही। पूर्व विधायक श्री चौधरी ने अपने कुर्ते पर मांगों को लिख रखा था ।

इस दौरान उपायुक्त ने पूर्व विधायक द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कैसर हिंद जमीन विवाद पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच एसडीओ द्वारा की जा रही है और अब तक 30-35 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।

वहीं प्रदूषण के मुद्दे पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है और फिलहाल मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। अदालत से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा पूर्व विधायक ने रामगढ़ अंचल अधिकारी (सीओ) से संबंधित मुद्दों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा। बाद में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में दोनों के बीच औपचारिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें जन समस्याओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी समस्याओं के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।