रामगढ़ कैंट में  सरहुल महोत्सव पर सुभाष चौक में उमड़ा जनसैलाब, झांकियों व शोभायात्रा ने बांधा समां

Spread the love

रामगढ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ (झारखंड) में आदिवासी छात्र संघ के तत्वावधान में रविवार को मेन रोड स्थित सुभाष चौक पर सरहुल पूजा सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील मुंडा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसराउपस्थित रहे।

शोभा यात्रा में शामिल झांकी

इस मौके पर फागु बेसरा ने कहा कि सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और आदिवासी जीवनशैली का प्रतीक है। यह त्योहार जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश देता है और समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं।

शोभा यात्रा में शामिल महिला व पुरुष

कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई झांकियों और शोभायात्राओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने झूमर नृत्य प्रस्तुत किया और ढोल-नगाड़ों की धुन पर गीत गाते हुए नगर भ्रमण किया। सड़कों पर उमड़ी भीड़ और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया।

इस आयोजन के माध्यम से आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करने के साथ-साथ समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक गर्व का संदेश भी दिया गया।