रांची (झारखंड) : रांची (झारखंड) में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजश्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए झारखंड की राजनीति में राजद की मजबूती का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य में राजद को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता और कार्यकर्ताओं को अभी से सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
हरमू बाईपास रोड स्थित कॉर्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने गठबंधन के तहत सीमित सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन बेहतर प्रदर्शन किया। उनका मानना है कि यदि पार्टी अधिक सीटों पर चुनाव लड़ती, तो परिणाम और बेहतर होते। आगामी परिसीमन के बाद झारखंड में सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा पार्टी को दें, जिससे बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे न केवल चुनावी सफलता बढ़ेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं का सम्मान भी बढ़ेगा। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर आदिवासी समाज के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजद लालू प्रसाद यादवकी विचारधारा पर आधारित पार्टी है, जिसे कोई कमजोर नहीं कर सकता। उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों के दबाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हर चुनौती के बाद और मजबूती से उभरती है। साथ ही उन्होंने केंद्र की राजनीति में बदलाव की जरूरत पर जोर देते हुए भाजपा को सत्ता से हटाने की बात कही।
उन्होंने शिबू सोरेनको सम्मानपूर्वक याद करते हुए कहा कि पार्टी उनके विचारों का सम्मान करती है। साथ ही हेमंत सोरेन के नेतृत्व का भी उल्लेख किया और विभिन्न राज्यों में चल रही राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में राजद के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, संजय सिंह यादव, संजय प्रसाद यादव और सुरेश पासवान सहित झारखंड व बिहार के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।