रामगढ़ (झारखंड) के हेसला स्पंज आयरन फैक्ट्री में भट्टी विस्फोट, 9 मजदूर झुलसे

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले के हेसला स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान भट्टी (फर्नेस) में अचानक हुए विस्फोट से करीब नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4:45 बजे मजदूर भट्टी के पास काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के साथ ही आग और अत्यधिक गर्म पदार्थ बाहर निकल गया, जिससे आसपास मौजूद मजदूर उसकी चपेट में आ गए और झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों में अशोक बेदिया, बृजलाल बेदिया, श्यामदेव बेदिया, अकीला राय, सुरेश बेदिया, राजू झा, रामबलन यादव और महेश महतो सहित अन्य मजदूर शामिल हैं। सभी मजदूर रामगढ़ (झारखंड) के महुआटांड़, अरगड्डा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों और मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर जाम लगाकर नाराजगी जताई। घटना की सूचना मिलते ही मांडू विधायक निर्मल महतो समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोष है। स्थानीय लोगो ने फैक्ट्री गेट जाम कर दिया है। जामकर्ताओं के साथ नगर परिषद के उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता भी हैं।