धनबाद (झारखंड) : ढुल्लू महतो बनाम संजीव सिंह विवाद में रेलवे भी शामिल, निमंत्रण देकर मेयर संजीव सिंह व विधायक रागिनी सिंह को रेलवे ने कार्यक्रम में भाग लेने से मना किया 

Spread the love

रेलवे द्वारा मेयर संजीव सिंह को दिया गया आमंत्रण पत्र

धनबाद, झारखंड : झारखंड राज्य के धनबाद जिले की राजनीति में चल रही खींचतान अब रेलवे तक पहुंच गई है। ढुल्लू महतो और संजीव सिंह के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव के बीच एक रेलवे कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

दूसरा पत्र जिसमें आमंत्रण को गलत बताया गया

धनबाद से मुंबई के लिए शुरू की गई साप्ताहिक ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम ने राजनीतिक रंग ले लिया है। जानकारी के अनुसार, रेलवे की ओर से पहले मेयर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था।

समारोह के मंच पर लगाया गया पूर्व का बैनर जिसमें संजीव सिंह व रागिनी सिंह का नाम है।

हालांकि, सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम से करीब तीन घंटे पहले दोनों को पत्र भेजकर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को कहा गया। इस घटनाक्रम के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। दोनों पत्र रेलवे के अलग अलग अधिकारीयों के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

मंच पर संजीव सिंह व रागिनी सिंह के नामों को हटा कर लगाया जाता बैनर

रेलवे का पक्ष है कि ऐसे आयोजनों में केवल स्थानीय सांसद और विधायक की उपस्थिति का ही प्रावधान है। वहीं संजीव सिंह ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर किसके निर्देश पर उन्हें और झरिया विधायक को कार्यक्रम से दूर रखा गया।

विवाद यहीं नहीं थमा। उद्घाटन से ठीक पहले स्टेशन पर लगे मंच के बैनर में भी बदलाव किया गया और उसमें से संजीव सिंह व रागिनी सिंह का नाम हटा दिया गया। इससे यह मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया है कि क्या निमंत्रण भेजने से पहले नियमों की जांच नहीं की गई थी, और क्या किसी नियम के तहत जिले के प्रथम नागरिक को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जा सकता।

अब इस पूरे मामले में रेलवे से जवाब की मांग की जा रही है। वहीं संजीव सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ऐसे में देखना होगा कि इस राजनीतिक टकराव के बीच रेलवे अपनी स्थिति को कैसे स्पष्ट करता है।