रामगढ़, झारखंड : वर्ल्ड हेल्थ डे के अवसर पर झारखंड मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन (जेएमएलटीए) की रामगढ़ जिला इकाई द्वारा सुभाष चौक स्थित गुरुद्वारा परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 52 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
इस जनहितकारी शिविर में युवाओं, स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम का आयोजन गुरुद्वारा सभा की सेवा और मानवता की परंपरा के अनुरूप किया गया।
शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन रामगढ़ डॉ. अनिल कुमार एवं गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार ने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में जेएमएलटीए के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष रामनिरेख दुबे, सचिव टिकेश्वर प्रसाद कुशवाहा, उपाध्यक्ष अजीत कुमार मंडल, विवेक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रवि शेखर सिंह, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री मुकेश कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
रक्त संग्रहण की व्यवस्था सदर अस्पताल, रामगढ़ के ब्लड बैंक विभाग द्वारा की गई, जिसका नेतृत्व डॉ. निषात अहमद ने किया। उनकी टीम ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस आयोजन में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, रामगढ़ तथा प्राइवेट नर्सिंग होम एसोसिएशन, रामगढ़ का भी सराहनीय सहयोग रहा।
अंत में आयोजन समिति ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और गुरुद्वारा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।