झारखंड के रामगढ़ में तेज बारिश से जलभराव, सड़कों पर बहा नालियों का कचड़ा, सफाई व्यवस्था की खुली पोल

Spread the love

रामगढ कैंट, झारखंड :  झारखंड के रामगढ़ शहर एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को दोपहर लगभग पौने तीन बजे तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। करीब 45 मिनट तक हुई इस बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश शुरू होने से पहले हल्की मात्रा में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

तेज बारिश के कारण रामगढ़ शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर की अधिकांश सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। लंबे समय से नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण वे कचरे से भरी पड़ी हैं। बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव में नालियों का कचड़ा सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे शहर की स्थिति नारकीय हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में छावनी परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वर्तमान में स्थिति यह है कि नालियों की सफाई छावनी परिषद द्वारा की जा रही है, जबकि कचरा उठाव का कार्य नगर परिषद के जिम्मे है। दोनों संस्थाओं के बीच समन्वय की कमी के कारण कई-कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जा रहा है।

समय पर कचरा नहीं उठने से वह पुनः नालियों में चला जाता है, जो बारिश के समय बाहर निकलकर सड़कों पर फैल जाता है। बुधवार की बारिश में भी यही स्थिति देखने को मिली, जिससे पूरे शहर में गंदगी का माहौल बन गया।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की मांग की है।