रांची (झारखंड) :सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से बड़ी रकम वसूलने वाले एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। लखनऊ स्थित मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने चुटिया थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अरविंद प्रसाद के रूप में हुई है, जो बिहार के आरा क्षेत्र का रहने वाला है। वह रांची के शारदा कॉलोनी में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें नकली पहचान पत्र, आर्मी कैंटीन कार्ड, एमईएस के जाली आईडी और फर्जी जॉइनिंग लेटर शामिल हैं।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आरोपी युवाओं को सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों से करीब 70 लाख रुपये की ठगी की गई है।
पीड़ित मुन्ना कुमार की शिकायत पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया है। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से जाली मुहर, फर्जी आईडी कार्ड, आधार कार्ड, ट्रेनिंग से जुड़े दस्तावेज और अन्य संदिग्ध कागजात मिले हैं। इसके अलावा खेल प्रमाणपत्र और नियुक्ति पत्र भी नकली पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वह लंबे समय से झारखंड और बिहार के युवाओं को निशाना बना रहा था। वह खुद को कभी सेना से जुड़ा अधिकारी तो कभी किसी जांच एजेंसी का सदस्य बताकर लोगों का विश्वास जीतता था।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।