पतरातू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले का पतरातू क्षेत्र एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया है। शनिवार देर रात अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के मुख्य गेट पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब ढाई बजे स्कूटी पर सवार तीन अपराधी फैक्ट्री गेट पहुंचे और गोलीबारी कर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार फैक्अ्री गेट पर छह तथा आवासीय परिसर गेट पर दो गोली के निशान पाये गये है। साथ ही अपराधियों द्वारा पर्चा फेंके जाने की भी बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कुख्यात राहुल दूबे गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में गैंग की ओर से फैक्ट्री प्रबंधन को खुली धमकी देते हुए कहा गया है कि यह हमला “चेतावनी” के तौर पर किया गया है। साथ ही जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानने पर किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है।
गैंग ने अपने पोस्ट में जिला प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कथित फर्जी एनकाउंटर बंद करने की बात कही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 अप्रैल 2026 को भी पतरातू स्थित एक दूध प्लांट के गेट पर इसी गैंग द्वारा फायरिंग की गई थी। इसके बाद 6 अप्रैल 2026 को भुरकुंडा के दुमुहानी क्षेत्र में पुलिस और गैंग के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक अपराधी सन्नी सिंह घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से पतरातू क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ताजा फायरिंग के बाद अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।