रामगढ़ में झारखंड इस्पात प्लांट हादसा : एक और मजदूर की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर चार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट में 6 अप्रैल को हुए फर्नेस विस्फोट हादसे में घायल एक और मजदूर की रविवार देर शाम मौत हो गई। इसके साथ ही इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

मृतक की पहचान अरगड्डा के कब्रिस्तान मोहल्ला निवासी राजू झा के रूप में हुई है। वे गंभीर रूप से घायल थे और रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती थे, जहां आठ दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

इससे पहले इसी हादसे में बृजलाल बेदिया, अशोक बेदिया और अखिल राय की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

गौरतलब है कि 6 अप्रैल को झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस फटने से कुल नौ मजदूर घायल हो गए थे। घटना के बाद से विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पांच मजदूरों का उपचार जारी है। जिसमे से एक और मजदूर की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है ।