रामगढ़ (झारखंड) : पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए गए एंटी क्राइम अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथियार के साथ दो संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर लेवी वसूली की योजना बना रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर हथियार लेकर रामगढ़ थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
15 अप्रैल की तड़के करीब 2:30 बजे रामगढ़-अरगड्डा रोड स्थित बड़का चुम्बा मोड़ के पास पुलिस ने एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादल कुमार (कैंटोनमेंट स्टाफ क्वार्टर, रामगढ़) और सोनू नंदी (पीटीपीएस, हेसला, पतरातू) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो देसी पिस्टल, 9 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, एक मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक गिरोह के लिए काम करते हैं और ठेकेदारों, व्यवसायियों व डीओ होल्डरों से हथियार के बल पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे।
इस संबंध में रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।