रामगढ़ कैंट, (झारखंड) : बढ़ती गर्मी को देखते हुए रामगढ़ कैंट स्थित प्रधान डाकघर में डाकघर परिवार द्वारा ग्राहकों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई। इस सेवा का शुभ उद्घाटन सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान एवं डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर डाकघर में आने वाले ग्राहकों के बीच शुद्ध पेयजल के साथ-साथ मिठाई का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत पहुंचाना और जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है और डाक विभाग न केवल डाक सेवा बल्कि जनसेवा का कार्य भी करता है। उन्होंने बताया कि अब डाकघर आने वाले ग्राहकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं, डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडे ने कहा कि “जल ही जीवन है”, लेकिन इसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सभी की है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राहकों ने इस पहल की सराहना करते हुए डाक विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि डाक सेवा वास्तव में जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत करती है।
इस मौके पर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय, प्रभारी डाकपाल रामेश्वर प्रसाद, अरुण कुमार सिंह, बृजनंदन कुमार, अंकित कुमार, सौरव कुमार, चंदन कुमार महतो, आदर्श अनिकेत, मीना देवी, संजय सिंह, पन्नालाल, देवाशीष गोप, लखन महतो सहित कई लोग उपस्थित रहे।