हजारीबाग (झारखंड) : बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कोयला परिवहन कर रहे हाईवा वाहन को आग के हवाले कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे बड़कागांव-हजारीबाग मार्ग स्थित 13 माइल के पास की बताई जा रही है।
लगायी गयी आग में झुलसा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार नकाबपोश अपराधी मोटरसाइकिल से पहुंचे और सड़क पर चल रहे हाईवा को रोक लिया। इसके बाद पेट्रोल छिड़क कर वाहन में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। इस दौरान चालक मो तैयब आग की चपेट में आकर झुलस गया, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।
घटना के दौरान अपराधियों ने चालक को एक धमकी भरा पर्चा भी दिया, जिसमें कथित तौर पर रंगदारी की मांग की गई है। पर्चे में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द “मैनेज” नहीं किया गया तो अगली बार और बड़ा हमला किया जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आग बुझाने के लिए एनटीपीसी के अग्निशमन वाहन को बुलाया गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में कोयला परिवहन से जुड़े वाहन चालकों और मालिकों में भय का माहौल है। कुछ समय के लिए ट्रांसपोर्टिंग कार्य भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस की निगरानी में फिर से शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित हाईवा कोयला लोडिंग के लिए पकरी बरवाडीह कोल माइंस की ओर जा रहा था। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और पुलिस द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।