प्रदर्शन में पीछे रहने वाले सीसीएल के 21 अधिकारियों का तबादला, संचालन सुधारने की कवायद तेज

Spread the love

रांची (झारखंड) : सेंट्रल कलफ़ील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले अधिकारियों पर सख्त कदम उठाते हुए 21 वरिष्ठ अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। इस फैसले का उद्देश्य कोयला खदानों के संचालन को सुचारू बनाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक मजबूत करना बताया गया है।

स्थानांतरित अधिकारियों में महाप्रबंधक (जीएम) और मुख्य प्रबंधक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। महाप्रबंधक स्तर पर दिलीप कुमार को उरीमारी ओसी से हटाकर बरका-सयाल क्षेत्र में जीएम (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सतेंद्र सिंह को आम्रपाली ओसी, सुभाष चंद गुप्ता को अरगड़ा क्षेत्र, एस. सत्यनारायण को हजारीबाग क्षेत्र तथा मो. अकरम को एनके एरिया में जीएम (ऑपरेशन) बनाया गया है।

मुख्य प्रबंधक स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। विमल कुमार को सतर्कता विभाग से स्थानांतरित कर केडीएच ओसी (एनके एरिया) का पीओ नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नवनीत कुमार सिंह (बरकासयाल), अनिल कुमार सिंह (उरीमारी), राजेश कुमार सिन्हा (हजारीबाग), मनोज कुमार पांडेय (बिरसा), शंभू शरण सिंह (रेलिगढ़ा) और मनोज कुमार सिंह (झारखंड ओसीपी) को विभिन्न परियोजनाओं का प्रोजेक्ट ऑफिसर बनाया गया है।

अन्य तबादलों में रवींद्र नारायण सिंह को तापिन साउथ, सतीश कुमार त्रिवेदी को गोविंदपुर, पार्थो शंकर देव को बोकारो ओसी, सुशील कुमार सिंह को तोपा और सुमेधा नंदन को एकेके ओसीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दिलीप कुमार धान को मुख्यालय स्थित ऑपरेशन कार्यालय में पदस्थापित किया गया है।

सीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से उत्पादन क्षमता में सुधार होगा और खनन कार्यों की दक्षता बढ़ेगी।