रामगढ़ (झारखंड), 23 अप्रैल : विकास नगर स्थित श्री कृष्ण विद्या मंदिर में 1857 के महानायक वीर कुंवर सिंह की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनके अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम एवं 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय के शिक्षक विक्रम सिंह, उषा सिंह एवं शारीरिक शिक्षक मनोरंजन चौधरी के नेतृत्व में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राएं बस द्वारा रामगढ़ स्थित नई सराय मोड़ पहुंचे। यहां सभी ने वीर कुंवर सिंह की अश्वारोही प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शिक्षिका उषा सिंह ने विद्यार्थियों को वीर कुंवर सिंह के जीवन, उनकी वीरता, सैन्य रणनीतियों एवं छापामार युद्ध शैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने साहस और नेतृत्व के बल पर अंग्रेजों का डटकर मुकाबला किया।
विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), सचिव विमल किशोर जाजू, प्रशासक एस.पी. सिन्हा एवं उपाचार्य विजय तिवारी ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए वीर कुंवर सिंह के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन वीर कुंवर सिंह को श्रद्धापूर्वक नमन एवं उनके आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।