रामगढ़ (झारखंड) : जिले में जन शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निवारण के लिए उपायुक्त श्री ऋतुराज ने एक अहम पहल की है। अब उपायुक्त सहित विभिन्न अधिकारियों को मिलने वाली शिकायतों और आवेदनों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए मीटा (समयबद्ध कार्रवाई हेतु निगरानी एवं प्रभावी अग्रसारण) पोर्टल की शुरुआत की गई है।
इस पोर्टल के माध्यम से शिकायतों के निष्पादन की समयसीमा तय की गई है, जिससे लंबित मामलों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। शिकायतों के निस्तारण के लिए 7 दिन, 14 दिन, 90 दिन या आवश्यकता अनुसार अन्य समयसीमा निर्धारित की गई है, ताकि सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
शनिवार को इस पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (दूरसंचार बैठक) के जरिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए।
इस दौरान जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री बीरेंद्र प्रसाद और सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक श्री वेदांत कुमार ने अधिकारियों को पोर्टल के संचालन, शिकायत दर्ज करने, निगरानी और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण देते हुए अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पोर्टल का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें और प्राप्त शिकायतों का तय समयसीमा में निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला प्रशासन रामगढ़ (झारखंड) की यह पहल जन शिकायत निवारण प्रणाली को सशक्त बनाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।