रामगढ़ कैट (झारखंड) में जमीन विवाद पर बवाल, गांधी चौक के पास दो पक्ष आमने-सामने

Spread the love

रामगढ़ कैट (झारखंड) : गांधी चौक के समीप सार्वजनिक शौचालय के पास स्थित खाली जमीन पर स्वामित्व को लेकर रविवार (03 मई) को दो पक्षों के बीच तीखा विवाद हो गया। दोनों पक्ष उक्त जमीन पर अपना-अपना अधिकार जता रहे थे, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार, गणक कॉम्प्लेक्स से सटी इस जमीन पर दोपहर करीब 12 बजे एक पक्ष जेसीबी मशीन के साथ पहुंचकर कार्य शुरू करने की तैयारी में था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की होती रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जमीन से संबंधित कागजात लेकर थाना पहुंचें और वहीं पर अपनी बात रखें।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष मौके से हट गए। फिलहाल दोनों ही पक्ष अपने-अपने कागजात को सही बताते हुए जमीन पर दावा कर रहे हैं। मामले को लेकर आगे जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।