रामगढ़ (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला इकाई के बैनर तले शुक्रवार को पीने के पानी की किल्लत और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुण्डा और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी मौजूद रहे।
महिलाएं सिर पर मटका लेकर नेशनल हाईवे-23 स्थित कोर्ट मोड़ से जिला समाहरणालय तक मार्च करते हुए पहुंचीं। समाहरणालय परिसर के बाहर मटका फोड़कर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के दौरान “हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ” और “पानी-बिजली दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुण्डा ने भीषण गर्मी के बीच राज्य में उत्पन्न पेयजल संकट और बिजली व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हर घर नल से जल योजना के लिए भेजी गई राशि का सही उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल केंद्र सरकार को बदनाम करने में लगी है।
मौके पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मटका फोड़कर सोई हुई सरकार को जगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो जनहित में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य सरकार पर मोदी सरकार की नल-जल योजना को लटकाने और भटकाने का आरोप लगाया गया। भाजपा ने कहा कि कागजों पर योजना को लगभग 45 प्रतिशत पूर्ण दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी स्थिति बेहद खराब है।
भाजपा की प्रमुख मांगें
बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बढ़ी हुई बिजली दर वापस ली जाए।
जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र बदला जाए।
फर्जी बिजली बिलों की जांच कर कार्रवाई हो।
बंद पड़े चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए।
नल-जल योजना को जल्द पूरा किया जाए।
पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो।
अस्पतालों और छात्रावासों में निर्बाध बिजली और पानी उपलब्ध कराया जाए।
प्रदर्शन में रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रिया करमाली, प्रवीण मेहता, राजीव जायसवाल, संजय प्रसाद सिंह, राजू चतुर्वेदी, जगेश्वर प्रजापति, बलराम महतो, रेखा बेदिया, शिव कुमार महतो, बबलू साव, रीति श्रीवास्तव, शीतल सिंह, रूपा देवी, मंजू देवी, सुनीता देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित थीं।