रामगढ़ (झारखण्ड) : पीवीयूएनएल पतरातू प्लांट परिसर से कॉपर वायर चोरी करने के मामले में पतरातू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 05 फरवरी 2026 को पीवीयूएनएल पतरातू प्लांट कैंपस से कॉपर वायर चोरी किए जाने के आरोप में पतरातू थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(e), 317(2), 317(4), 329(3), 61(2)(b) एवं 112(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के अनुसंधान के दौरान पतरातू थाना पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हफुआ निवासी 30 वर्षीय सद्दाम अंसारी, सोलिया निवासी 22 वर्षीय अरमान अंसारी उर्फ लाला उर्फ सैफ तथा कटिया निवासी 27 वर्षीय रंजन कुमार शामिल हैं। तीनों आरोपी पतरातू थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।