गोला (रामगढ़), झारखंड : चोकाद गांव में मंगलवार को एक हिरण मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिरण का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद विभाग की ओर से अंतिम संस्कार किया गया।
कुत्तों से बचने के दौरान दीवारों के बीच फंसा
स्थानीय लोगों के अनुसार हिरण रात में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जान बचाने के प्रयास में हिरण दो दीवारों के बीच बने संकरे स्थान में घुस गया, जहां वह फंस गया।
काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाने के कारण उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दी सूचना
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दीवारों के बीच फंसे हिरण को देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला।
इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार किया गया।
एक सप्ताह पहले भी हुई थी ऐसी घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले संग्रामपुर जंगल से भटककर आया एक अन्य हिरण भी कुत्तों के हमले में घायल हो गया था।
वन विभाग ने उस हिरण का उपचार कराकर डियर पार्क में निगरानी में रखा था, लेकिन अगले दिन उसकी भी मृत्यु हो गई थी।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।