गोला के नेमरा गांव में वज्रपात से 23 मवेशियों की मौत, प्रभावित परिवारों ने मांगी सरकारी सहायता

Spread the love

गोला, रामगढ़ (झारखंड) : नेमरा गांव में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान हुई आकाशीय बिजली गिरने की घटना में 23 मवेशियों की मौत हो गई। एक साथ बड़ी संख्या में पशुओं के मरने से गांव के कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कर मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे पशु

स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मवेशी एक महुआ पेड़ के नीचे इकट्ठा हो गए। इसी दौरान जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से सभी पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में मवेशियों को मृत पाया। कई पशुपालक अपने पशुओं को मृत देखकर भावुक हो उठे।

कई परिवारों को लाखों रुपये की क्षति

ग्रामीणों ने बताया कि मृत मवेशी गांव के अलग-अलग परिवारों के थे। इनमें नकुल बेसरा, जागरण सोरेन, सहदेव किस्कू, बिरजू सोरेन, केशव टुडू, विजय किस्कू, उमेश किस्कू, जीतराम मुर्मू, बिगन टुडू, महेंद्र टुडू, मोहन किस्कू, करमचंद टुडू और मनसा किस्कू के पशु शामिल हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, मृत पशुओं में कई दुधारू मवेशी भी थे, जिनसे संबंधित परिवारों की आजीविका चलती थी। इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

राहत और मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि रेखा सोरेन मौके पर पहुंचीं और संबंधित अधिकारियों को घटना की सूचना दी। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की।

ग्रामीणों ने भी सरकार से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा के तहत तत्काल सहायता प्रदान की जाए, ताकि पशुपालकों को आर्थिक राहत मिल सके।