रामगढ़ (झारखंड) :पतरातू प्रखंड की हेसला पंचायत के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, आजीविका, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर 14 मई 2026 से रामगढ़ उपायुक्त कार्यालय के समीप अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस संबंध में कांग्रेस के राजीव गाँधी पंचायती राज संगठन के प्रदेशउपाध्यक्ष शांतनु मिश्राने रामगढ़ उपायुक्त को आवेदन सौंपकर कार्यक्रम की सूचना दी है। इसकी प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रामगढ़ को भी दी गई है।
आवेदन में बताया गया है कि पतरातू थर्मल पावर स्टेशन परियोजना के लिए पूर्व में हेसला पंचायत की भूमि अधिग्रहित की गई थी। इसके बावजूद पंचायत के अनेक मूल रैयत और विस्थापित परिवार आज तक समुचित पुनर्वास, रोजगार, आजीविका, मुआवजा और अन्य मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं।
शांतनु मिश्रा ने कहा है कि ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष अपनी समस्याएं शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रखीं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसके बाद भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत प्राप्त अधिकारों के अंतर्गत 14 मई 2026, गुरुवार से शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
धरना कार्यक्रम का विवरण
कार्यक्रम: शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना
दिनांक: 14 मई 2026, गुरुवार
समय: प्रातः 10:30 बजे से
स्थान: भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा के सामने, उपायुक्त कार्यालय, रामगढ़
प्रमुख मांगें
भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।
विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, आजीविका, रोजगार, लंबित मुआवजा और अन्य अधिकारों का समाधान किया जाए।
मूल रैयतों और प्रभावित परिवारों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।