झूमरी तिलैया (कोडरमा), झारखंड : सोशल मीडिया और यूट्यूब की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर मंजू देवी का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने झुमरीतिलैया के विद्यापुरी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मंजू देवी के पुत्र राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मंगलवार रात उनकी मां का ब्लड प्रेशर अचानक काफी बढ़ गया था। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया, जहां बुधवार अहले सुबह उनका निधन हो गया।
राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि बढ़ती उम्र के कारण उनकी मां की तबीयत पिछले कुछ समय से कमजोर चल रही थी।
सहज शैली से बनाई थी खास पहचान
मंजू देवी घरेलू जीवन और रोजमर्रा के अनुभवों पर आधारित हंसी-मजाक से भरपूर वीडियो के लिए काफी लोकप्रिय थीं। उनकी सहज और स्वाभाविक प्रस्तुति ने उन्हें सोशल मीडिया पर हजारों लोगों के बीच प्रिय बना दिया था।
उनके वीडियो को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता था और वे परिवार के साथ बनाए गए कंटेंट के जरिए व्यापक रूप से पहचानी जाती थीं।
प्रशंसकों और स्थानीय लोगों ने जताया शोक
मंजू देवी के निधन से परिवार के साथ-साथ उनके प्रशंसकों में भी गहरा दुख है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी ।