रामगढ़ (झारखंड) में भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का संयुक्त आदेश जारी

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज  और एसपी मुकेश कुमार लुणायत द्वारा   भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए संयुक्त आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के तहत अब भूमि विवादों का समाधान संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी के आपसी समन्वय से किया जाएगा।

प्रत्येक माह लगेगा अंचल-सह-थाना दिवस

जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह के द्वितीय और चतुर्थ शुक्रवार को जिले के सभी अंचल कार्यालयों में अंचल-सह-थाना दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी उपस्थित रहेंगे तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई कर उनका निपटारा करेंगे।

रैयतों की उपस्थिति में होगा विवादों का समाधान

संयुक्त आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त सभी मामलों में संबंधित रैयतों को पूर्व सूचना देकर उनकी उपस्थिति में ही मामलों का निष्पादन किया जाएगा। इससे दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा और पारदर्शी तरीके से विवादों का समाधान हो सकेगा।

अपर समाहर्ता कार्यालय को भेजी जाएगी संयुक्त प्रतिवेदन

निपटाए गए मामलों से संबंधित संयुक्त प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर ऑफिस ऑफ़ थे एडिशनल कलेक्टर, रामगढ  को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से लंबित और निष्पादित मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

अंचल-सह-थाना दिवस की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सामाजिक माध्यमों और अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि भूमि विवाद से प्रभावित लोग इस व्यवस्था का लाभ उठा सकें।

अपर समाहर्ता को समन्वय की जिम्मेदारी

कुमारी गीतांजलिको सभी अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अंचल-सह-थाना दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि भूमि विवादों का निपटारा अधिक तेजी, पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ हो सकेगा तथा आम लोगों को न्याय पाने में सहूलियत मिलेगी।