रांची (झारखंड) : झारखंड के उपभोक्ताओं को अब मेधा डेयरी के उत्पादों के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी दूध, दही और पनीर के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। नई दरें शनिवार से पूरे झारखंड में लागू होंगी।
कंपनी ने अधिकांश दूध उत्पादों की कीमत में 1 से 2 रुपये प्रति पैकेट या प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है, जबकि पनीर और दही के दामों में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
दूध के नए रेट
मेधा डबल टोंड दूध का एक लीटर पैक अब 50 रुपये के बजाय 52 रुपये में मिलेगा। आधा लीटर पैक की कीमत 25 रुपये से बढ़कर 26 रुपये हो गई है।
टोंड दूध के 6 लीटर पैक की कीमत 312 रुपये से बढ़कर 324 रुपये हो गई है। एक लीटर टोंड दूध अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये और आधा लीटर पैक 27 रुपये की जगह 28 रुपये में मिलेगा।
काउ मिल्क का आधा लीटर पैक 28 रुपये से बढ़कर 29 रुपये हो गया है।
शक्ति दूध का एक लीटर पैक 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये और आधा लीटर 30 रुपये से बढ़कर 31 रुपये में मिलेगा।
शक्ति स्पेशल दूध का एक लीटर पैक 62 रुपये और आधा लीटर 32 रुपये का होगा।
फुल क्रीम गोल्ड दूध के 6 लीटर पैक की कीमत 378 रुपये से बढ़कर 396 रुपये कर दी गई है। आधा लीटर गोल्ड दूध अब 34 रुपये में मिलेगा।
पनीर के दाम भी बढ़े
मेधा ब्लॉक पनीर (1 किलोग्राम) की कीमत 400 रुपये से बढ़कर 420 रुपये हो गई है।
500 ग्राम पनीर अब 205 रुपये की जगह 215 रुपये और 200 ग्राम पनीर 85 रुपये के बजाय 90 रुपये में मिलेगा।
दही की नई कीमतें
200 ग्राम पाउच दही की कीमत 18 रुपये से बढ़कर 20 रुपये हो गई है।
400 ग्राम पाउच दही अब 35 रुपये में मिलेगा, जबकि 1 किलोग्राम पाउच दही की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 75 रुपये कर दी गई है।
उपभोक्ताओं पर असर
मेधा डेयरी झारखंड में व्यापक रूप से उपयोग होने वाला ब्रांड है। कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ेगा, खासकर उन उपभोक्ताओं पर जो नियमित रूप से दूध, दही और पनीर का इस्तेमाल करते हैं।