रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने नए पुलिस अधीक्षक से की मुलाकात

Spread the love

रामगढ़ ( झारखंड) : रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने शनिवार को चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी के नेतृत्व में रामगढ़ के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणावत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने व्यवसायियों की सुरक्षा, शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान चैंबर की ओर से पुलिस अधीक्षक का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणावत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि रामगढ़ शहर की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

चैंबर पदाधिकारियों ने शहर में चल रहे हेलमेट और वाहन कागजात जांच अभियान के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि बाजार टांड, सुभाष चौक, नई सराय और पटेल चौक में स्थापित जांच चौकियों पर कई बार हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे लोगों को भी लंबे समय तक रोककर पूछताछ की जाती है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि सभी जांच चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि यातायात जांच के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी, पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी तथा कार्यकारिणी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल थे।