पतरातू (झारखंड) :पतरातू प्रखंड के भूइंया टोली गांव निवासी कमल किशोर महतो (35) का शव मंगलवार सुबह घर के समीप स्थित पहाड़ी पर एक पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल किशोर महतो रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में कार्यरत थे और उनकी तैनाती बेंगलुरु में थी। वे लगभग एक माह पूर्व अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वे मानसिक तनाव में थे और उन्हें नींद न आने की शिकायत रहती थी।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार देर रात लगभग 11 बजे उन्हें गांव में घूमते देखा गया था। रात करीब दो बजे परिजनों की नींद खुलने पर वे अपने कमरे में नहीं मिले। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह घर के नजदीक पहाड़ी पर उनका शव पेड़ से लटका हुआ मिला।
कमल किशोर महतो अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। एक पुत्र की उम्र लगभग छह वर्ष और दूसरे की उम्र चार वर्ष बताई गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।