पतरातू (रामगढ), झारखंड : रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे स्टेशन मार्ग पर एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से करीब 10.19 ग्राम ब्राउन शुगर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकद राशि बरामद की गई है। मामले की जानकारी एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर दी।
एसडीपीओ ने बताया कि गुरुवार 21 मई 2026 की सुबह नालंदा नर्सिंग होम स्कूल के समीप पतरातू रेलवे स्टेशन जाने वाली पीवीयूएनएल सड़क पर थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सशस्त्र बल के साथ एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक रेलवे स्टेशन की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद बाइक रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के हावभाव संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी में दीपक सिंह के जींस पैंट की जेब से एल्युमिनियम फॉयल में लिपटा ब्राउन शुगर बरामद किया गया। जांच में इसका वजन 9.57 ग्राम पाया गया, जबकि फॉयल सहित वजन 10.19 ग्राम निकला। पुलिस ने जब दोनों युवकों से मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों की निशानदेही पर मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में उचरिंगा गांझू टोला निवासी विक्की कुमार सिंह, दीपक सिंह तथा बासल थाना क्षेत्र के चेतमा हरिहरपुर निवासी अर्जुन कुमार महतो शामिल हैं।
एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ पतरातू थाना कांड संख्या 123/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी) एवं 27(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, मो अफजल हुसैन, अमरेंद्र कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, आरक्षी प्रकाश यादव, मोकिम अंसारी सहित पतरातू थाना पुलिस के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।