रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ छावनी क्षेत्र में स्वच्छता, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय योगदान को देखते हुए रामगढ़ छावनी परिषद ने समाजसेवी एवं युवा जननेता धनंजय कुमार पुटूस को “स्वच्छता प्रहरी / लीड फैसिलिटेटर (Lead Facilitator)” के रूप में नामांकित किया है।
छावनी परिषद, रामगढ़ के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि धनंजय कुमार पुटूस ने स्वच्छता जागरूकता, नागरिक सहभागिता एवं साफ-सफाई अभियान को मजबूत करने में सराहनीय भूमिका निभाई है। उनके समर्पण और सक्रिय प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार 22 मई को उक्त पत्र सीईओ श्री सिंह ने श्री पुटुश को सौंपा ।
इस अवसर पर धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा रामगढ़ छावनी क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने छावनी परिषद द्वारा दिए गए इस सम्मान एवं जिम्मेदारी के लिए मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और विकसित रामगढ़ का निर्माण संभव है।
यह नामांकन क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के प्रति धनंजय कुमार पुटूस की सक्रियता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।