रामगढ़ कैंट, (झारखंड़) :आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट में आयोजित नि:शुल्क समर कैंप एवं कला प्रदर्शनी का शनिवार को भव्य समापन हुआ। 13 मई से 23 मई तक आयोजित इस समर कैंप में विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न खेलों, कला एवं व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को किताबों के ज्ञान के साथ जीवन उपयोगी व्यावहारिक जानकारी और विभिन्न प्रतिभाओं से परिचित कराना था। कैंप के दौरान छात्रों को आर्चरी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, ड्राइंग, खो-खो, आर्ट एंड क्राफ्ट, जूडो, चेस और संगीत जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
सुबह 7 बजे से 10 बजे तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित सत्रों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को हर गतिविधि में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं भी संचालित की गईं, जिसमें परीक्षा की तैयारी और महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, वॉलीबॉल और अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा तैयार की गई ‘आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी’ रही। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न हस्तशिल्प और कलाकृतियों को अभिभावकों ने काफी सराहा। साथ ही इन वस्तुओं की खरीदारी की भी व्यवस्था की गई थी।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिविकराज सिंह (सेना मेडल) ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत से समर कैंप सफल रहा तथा बच्चों ने कम समय में कई नई चीजें सीखीं और अपनी प्रतिभाओं को निखारा।