तोपा में सीसीएल सुरक्षा विभाग ने स्क्रैप लोहा किया जब्त

Spread the love

कुजू (रामगढ), झारखंड : सीसीएल तोपा परियोजना के शिव मंदिर के समीप स्क्रैप लोहा चुराकर ले जाते समय सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। जिसे बाद में तोपा परियोजना के स्टोर में जमा किया गया है। घटना शनिवार को दिन के करीब 12 बजे की है। यहां शिव मंदिर के समीप लगे मोबाइल टॉवर के गिर जाने से लोहा चोरों की चांदी कट रही थी। लोहा चोर लगातार मोबाइल टॉवर के लोहे को विभिन्न वाहनों के जरिए खरीददार तक पहुंचाने में जुटे थे। इसी क्रम में शनिवार को तोपा परियोजना के शिव मंदिर के पास लोहा चोर स्क्रैप लोहा एकत्रित कर टेंपो पर लादकर ले जाने की फिराक में लगे थे।

इसकी भनक सीसीएल तोपा परियोजना के सुरक्षा विभाग को लगी। तत्काल सूचना मिले स्थान की घेराबंदी की गई। इसकी भनक लोहा चोरों को लगने के बाद वे सभी लोहा छोड़कर भाग निकले। सुरक्षा कर्मियों ने शंकर राम व कुंवर महतो की अगुवाई में करीब क्विटंल लोहा जब्त कर लिया। जिसे बाद में स्टोर में जमा कर दिया गया है। इस अभियान में मोईन खान व होम गार्ड के जवान भी शामिल हुए।