हजारीबाग: शिक्षा के हब के रूप में पहचाने जाने वाले हजारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त कोर्रा चौक स्थित मुसन साव गली में संचालित कुमार बॉयज हॉस्टल के एक कमरे से स्नातक के छात्र पंकज कुमार सिंह का कथित रूप से फंदे से झूलता शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक छात्र की पहचान पंकज कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गिरिडीह का रहने वाला था और हजारीबाग में रहकर स्नातक सेमेस्टर-1 की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद हॉस्टल सहित आसपास के लॉजों में रहने वाले छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है। फिलहाल इस घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पंकज कुमार सिंह मुसन साव गली स्थित कुमार बॉयज हॉस्टल के दूसरे तल्ले पर अकेले किराए के कमरे में रहता था। सहपाठियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी होनहार था और तकनीक के क्षेत्र में उसकी गहरी रुचि थी। वह कंप्यूटर कोडिंग और डिजिटल तकनीकों पर लगातार काम करता रहता था। उसकी असमय मौत की खबर से उसके दोस्त और साथी छात्र स्तब्ध हैं।
एक होनहार डेवलपर के रूप में भी पंकज की पहचान छात्र समुदाय के बीच बनी हुई थी। दूर-दराज के इलाकों से हजारीबाग पढ़ने आने वाले गरीब और नए छात्रों की समस्याओं को देखते हुए उसने “वन नियर” नाम का एक मोबाइल एप्लीकेशन विकसित किया था। इस ऐप के जरिए नए छात्र अपने बजट के अनुसार कमरा, लॉज या हॉस्टल आसानी से खोज सकते थे।
बताया जाता है कि पंकज के इस प्रयास की छात्र समुदाय, लॉज संचालकों और शहर के लोगों द्वारा काफी सराहना की जाती थी। छात्रों की सुविधा के लिए तैयार किया गया उसका यह डिजिटल प्लेटफॉर्म हजारीबाग में तेजी से लोकप्रिय हो रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।