रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) अपने कॉर्पोरेट पर्यावरणीय दायित्व (सीईआर) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कंपनी का उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना तथा उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
इसी कड़ी में मई माह के दौरान बीएफसीएल की सीईआर टीम द्वारा आसपास के विभिन्न गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई हैं। इन सोलर लाइटों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे लोगों को अंधेरे के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को रात के समय आवागमन में काफी सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।
कंपनी द्वारा मरार गांव में तीन, दिगवार में पांच, पोचरा में तीन, हथीमारा में तीन, फूलसराय में तीन तथा मनुवा गांव में भी तीन सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। इन गांवों में सोलर लाइट स्थापित होने से सुरक्षा और सुविधा दोनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। साथ ही यह पहल स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बीएफसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, पेयजल, स्वच्छता तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे। कंपनी का प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।